दिल्ली भाजपा ने पुजारियों को सहायता राशि एवं मंदिरों में लगाने के लिए सैनिटाइजर का वितरण किया
Date posted: 1 August 2020

नई दिल्ली: लॉकडाउन के दौरान दिल्ली के मंदिर व अन्य धर्म स्थल बंद होने की वजह से वहां के पुजारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पुजारियों को सहायता राशि भेंट की एवं मंदिरों में लगाने के लिए स्टैंड में लगे सैनिटाइजर का वितरण किया। इस अवसर पर आदेश गुप्ता ने दिल्ली सरकार द्वारा मस्जिद के इमामों को दिए जा रहे वेतन की तर्ज पर पुजारियों, ग्रंथियों व अन्य धर्म स्थल के पुजारियों को भी वेतन देने की मांग की। कार्यक्रम का संचालन आनंद साहू ने किया। इस अवसर पर मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा उपस्थित थे।
आदेश गुप्ता ने कहा कि कोरोना काल भी कई वर्गों को आर्थिक तकलीफ आई है और उनकी सहायता के लिए भाजपा सदैव उनके साथ रही है। समय-समय पर धर्म स्थलों के पुजारियों को आर्थिक सहायता दी गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मस्जिदों के इमाम और उनके सहायक को दिल्ली सरकार वेतन देती है, लेकिन दिल्ली के अन्य धार्मिक स्थलों के पुजारियों को आज तक दिल्ली सरकार की ओर किसी भी तरह की आर्थिक सुविधा नहीं दी गई है। ज्यादातर मंदिरों, अन्य धार्मिक स्थलों के पुजारियों का खर्चा दान- दक्षिणा, चढ़ावे के पैसे से चलता है और ये पैसा इतना कम होता है कि घर चलाना मुश्किल होता है। वहीं लॉकडाउन के दौरान में धर्मस्थल बंद होने से धर्म स्थलों के पुजारी आर्थिक दिक्कतों के साथ जीवन यापन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक केजरीवाल सरकार ने उनकी सुध तक नहीं ली है।
श्री गुप्ता ने कहा कि पहले भी कई कार्यक्रमों के जरिए इस मामले को लेकर दिल्ली सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की गई लेकिन केजरीवाल ने कभी भी पुजारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया। केजरीवाल समय-समय पर मस्जिद के इमामों के वेतन को बढ़ाते रहे हैं, लेकिन इतने सालों में एक बार भी पुजारियों के वेतन को लेकर कोई चर्चा नहीं की। एक बार फिर दिल्ली सरकार से आग्रह है कि इस संकट के समय में वोट बैंक के लिए धर्म विशेष की राजनीति न करें और जिस तरह से मस्जिदों के इमामों को मासिक वेतन दिया जाता है उसी तर्ज पर दिल्ली के धार्मिक स्थलों के पुजारियों को भी वेतन देने का प्रावधान करें।
Facebook Comments