भाजपा ने नौगावां सादात विधानसभा में किया चुनाव अभियान का शुभारम्भ

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज अमरोहा पहुंचकर विधानसभा नौगावां सादात में कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी मंथन करते हुए जीत का मंत्र दिया। सिंह नौगावां सादात विधानसभा में अकबरपुर पट्टी बूथ नम्बर 87 के अध्यक्ष राजेश कुमार जाटव के आवास पर पहुंचें और बूथ अध्यक्ष के परिजनों से आशीर्वाद लेकर चुनाव अभियान का शुभारम्भ किया।

उन्होंने बूथ समिति के साथ परिचय व संवाद करते हुए कहा कि बूथ अध्यक्ष व बूथ समिति ही बूथ की मजबूती का आधार है और मजबूत बूथ ही चुनाव में विजय का आधार है। उन्होंने कहा कि अपने बूथ पर प्रत्येक व्यक्ति से सम्पर्क व संवाद करते हुए भाजपा सरकारों के निर्णय व योजनाओं को जन-जन के बीच साझा करें।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए अमरोहा पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। सिंह ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी व योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की भाजपा सरकारों द्वारा गांव, गरीब, किसान, शोषित, वंचित वर्ग के जीवन को खुशहाल बनाने के लिए शुरू की गई योजनाओं व कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के बल पर भाजपा की विजय सुनिश्चित है। इस उपचुनाव में विपक्ष के छल-प्रपंच धराशायी होगें और जनता फिर भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद देगी।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने संवाद के दौरान किसान, युवा, महिला, पिछड़ा वर्ग मोर्चा व अनुसूचित मोर्चा के साथ चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को अखण्ड बनाने के साथ ही देश को सामरिक व आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिए काम कर रहे है। पिछले 70 वर्षो में की गई ऐतिहासिक भूलों को सुधारने का काम मोदी जी ने किया है। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के संकल्प और उस संकल्प से जुडे़ पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता व देश के जनमानस के स्वप्न को साकार रूप देने का काम मोदी जी कर रहे है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्री भूपेन्द्र चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित वेनीवाल, पार्टी प्रत्याशी संगीता चौहान ने बूथ समितियों का स्वागत किया। इसके पश्चात् कोर टीम व पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी मंत्रणा की। किसान चैपाल में किसानों की आय डेढ़ गुनी करने की प्रतिबद्धता के साथ किसान बिल पर भी चर्चा हुई।

Facebook Comments