हिंसा के विरोध में भाजपा का दिल्ली में बंगाल भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन
Date posted: 4 May 2021

नई दिल्ली: बंगाल में 2 मई को चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद से तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के विरूद्ध हिंसा, आगजनी एवं हत्या का शर्मनाक चक्र चला रखा है जिसने लोकतंत्र को शर्मसार किया है। बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर किये जा रहे दमन के विरूद्ध आज दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नई दिल्ली स्थित बंगाल भवन पर प्रदर्शन किया और गिरफ्तारी दी।
प्रदर्शन में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद मीनाक्षी लेखी, मेश बिधूड़ी एवं प्रवेश साहिब सिंह, विधायक विजेंद्र गुप्ता, मोहन सिंह बिष्ट, अभय वर्मा, अजय महावर, अनिल बाजपेयी एवं जितेंद्र महाजन ने सम्मलित होकर गिरफ्तारी दी।
आदेश गुप्ता ने कहा है कि बंगाल में चुनाव परिणाम आने के साथ ही तृणमूल कांग्रेस नेताओं के संरक्षण में भाजपा कार्यकर्ताओं के विरूद्ध हिंसा का तांडव प्रारम्भ हो गया है जिसकी आज सारा देश निंदा कर रहा है।
सारे बंगाल में भाजपा कार्यालय जलाये जा रहे हैं, कार्यकर्ताओं के घरों पर हमले हो रहे हैं, 9 कार्यकर्ताओं का नरसंहार हुआ है और यह बेहद दुखद है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस हिंसा पर मूक बनी बैठी हैं, ना तो अपने कार्यकर्ताओं को हिंसा बंद करने को कह रही हैं और ना ही पुलिस प्रशासन को सख्त कार्रवाई करने को कह रही हैं जो स्तब्ध करता है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि दिल्ली सहित सारे देश के भाजपा कार्यकर्ता अपने बंगाल के साथियों के साथ खड़े हैं और हम मांग करते हैं कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने कार्यकर्ताओं को हिंसा करने से रोकें।
Facebook Comments