भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने एमएलसी चुनाव में समर्थन पर जताया आभार
Date posted: 6 December 2020

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने विधान परिषद की शिक्षक व खंड स्नातक चुनावों में अपार समर्थन के लिए मतदाताओं का आभार जताया है। उन्होंने कहा लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि है। प्रदेश की जनता ने जिस तरह से अपना अपार समर्थन और विश्वास भाजपा में जताया है उससे हमें आगे भी जनकल्याण की राह पर आगे बढ़ने और जनाकाक्षांओं को पूरा करने की प्रेरणा मिलेगी।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि शिक्षक खंड के चुनाव में भाजपा पहली बार भागीदारी कर रही थी। पार्टी ने 4 सीटो ंपर प्रत्याशी उतारे थे, उसमें तीन सीटों पर जनता ने विजय श्री का आशीर्वाद दिया है। भाजपा का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा है। स्नातक खंड में भी पार्टी तीन सीटों पर विजयी हुई है। यह परिणाम भाजपा सरकार की नीतियों में जनविश्वास और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को भी विजय की बधाई देते हुए कहा कि जिस तरह से उन्होंने भाजपा की नीतियों और संगठन के कार्यक्रमों से मतदाताओं को जोड़ा वह प्रशंसनीय है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उच्च सदन में पार्टी की भागीदारी जनता के आशीर्वाद से और सशक्त हुई है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों की बधाई देते हुए अपेक्षा की कि वह शिक्षकों, स्नातकों सहित समाज के सभी वर्गों की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को उचित मंच पर रखते हुए राष्ट्रहित में अपनी महती भूमिका का निर्वहन करेंगे।
Facebook Comments