ममता सरकार से हिसाब लेंगे भाजपा कार्यकर्ता: स्वतंत्र देव सिंह
Date posted: 10 December 2020

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर गए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी के काफिले पर हमले की भत्र्सना की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता अपने साथियों की हत्यारी ममता सरकार से पूरा हिसाब लेंगे। उन्होंने कहा कि बंगाल में आज कानून नाम की कोई चीज नहीं रह गई है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न और सरकार समर्थित भ्रष्टाचार से बंगाल की जनता ऊब चुकी है। पूरा बंगाल बदलाव चाहता है। टीएमसी को भी इस बात का अंदेशा है कि चुनाव में उसकी हार तय है इसलिए उनके नेता हिंसा और हत्या का कुत्सित खेल खेल रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं का उत्साह और बंगाल के विकास को लेकर उनके संकल्प को ममता सरकार समर्थित हिंसा नहीं तोड़ पाएगी। भाजपा का इतिहास संघर्ष और बलिदान का है। तानाशाही और गुंडागर्दी से भाजपा का कार्यकर्ता न कभी डरा है और न ही पीछे हटा है। अपनी करारी हार देख रही दीदी यह भूल गई हैं कि दादागीरी और खून खराबे की राजनीति से बंगाल अब निजात चाहता है। बंगाल अब भाजपा की सरकार चाहता है।
Facebook Comments