गुरुवार से शनिवार तक दिल्ली भाजपा चलाएगी हस्ताक्षर अभियान
Date posted: 7 January 2021

नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा गुरुवार से शनिवार तक नगर निगम का बकाया 13000 करोड़ रुपए की मांग के लिए व्यापक अभियान चलाएगी और 13750 बूथों के कार्यकर्ता 13000 करोड़ रुपए से संबंधित पत्रक वितरित करेगी। इस संदर्भ में विस्तृत जानकारी देते हुए प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दिल्ली भाजपा महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि नगर निगम का बकाया 13000 करोड़ रुपए की मांग के लिए 7 जनवरी से लेकर 9 जनवरी तक प्रदेश भाजपा के सभी मोर्चे 1000 प्रमुख स्थानों पर हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे और जन-जन तक निगम के बकाए की जानकारी पहुंचाएंगे। उन्होंने बताया कि 9 जनवरी को सभी पार्कों में मंडल कार्यकर्ताओं द्वारा 13000 करोड़ रुपए संबंधित पत्रक का वितरण किया जाएगा। 10 जनवरी को 13750 बूथों के कार्यकर्ता 13000 करोड़ रुपए संबंधित पत्रक का अपने-अपने बूथ क्षेत्र के घरों में वितरण करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार भी उपस्थित थे।
प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की अराजक सरकार है जो कानून और संविधान में विश्वास नहीं रखती है इसलिए संवैधानिक रूप से शहरी निकायों को देने वाले फंड को रोककर दिल्ली के विकास कार्यों में खुद ही सबसे बड़ी बाधा बनी हुई है। जब से आम आदमी पार्टी सरकार सत्ता में आई है तब से नगर निगमों को पंगु बनाने का षड्यंत्र कर रही है और यही कारण है कि तीनों निगम का बकाया 13000 करोड़ को अभी तक जारी नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से निगम कर्माचरियों को वेतन नहीं मिला है, पेशनधारियों को पेंशन नहीं मिल रहा है, ऐसे में कर्मचारियों का परिवार और कार्य दोनों प्रभावित हैं, लेकिन दिल्लीवासियों की समस्याओं से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कोई सरोकार नहीं है। अगर निगमकर्मी कल को हड़ताल पर चले जाएंगे और दिल्ली की सफाई व्यवस्था ठप्प हो जाएगी तो इसके जिम्मेदार मुख्यमंत्री केजरीवाल ही होंगे।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि केजरीवाल सरकार से निगम का बकाया फंड जारी करने की मांग के लिए दिल्ली भाजपा का आंदोलन जारी है और इस आंदोलन को गति देने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। हर कार्यकर्ता केजरीवाल सरकार की नाकामी और निगम कर्मचारियों के प्रति उनकी संवेदनहीनता को प्रत्येक दिल्लीवासी तक पहुंचाएगा।
Facebook Comments