पार्टी जो भी दायित्व देगी उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करुंगा: अरविंद शर्मा

लखनऊ:  1988 बैच के निवर्तमान आईएएस अधिकारी (गुजरात कैडर) अरविंद कुमार शर्मा ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ0 दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चैहान, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, जेपीएस राठौर, प्रदेश मंत्री शंकर लोधी सहित अन्य प्रमुख पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अरविंद कुमार शर्मा को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराते हुए कहा कि वे एक कर्मठ, ईमानदार व स्वच्छ छवि के अधिकारी रहे हैं। पूर्व आई.ए.एस अधिकारी अरविन्द कुमार शर्मा का भाजपा परिवार में स्वागत हैं। ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ की विचारधारा से जुड़े अरविन्द कुमार शर्मा की कार्यक्षमता व कर्मठता से निश्चित ही पार्टी को एक नई गति मिलेगी।

पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने बाद अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि मेरे लिए यह प्रसन्नता का क्षण है कि आज मैं विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक दल का सदस्य हूॅ। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी जो भी दायित्व देगी उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करुंगा।

Facebook Comments