दिल्ली के बहुप्रचारित शिक्षा मॉडल की पोल खुल चुकी है: आदेश गुप्ता

नई दिल्ली: प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने शिक्षा निदेशक द्वारा बच्चों को नकल करने की प्रेरणा देने और शिक्षामंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा दिल्ली की शिक्षा नीति को देश-विदेश में बेहतरीन बताए जाने का विरोध करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में प्रदेश महिला मोर्चा ने आज यहां मनीष सिसोदिया के निवास के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन कर उनसे इस्तीफा मांगा। आदेश गुप्ता ने उपराज्यपाल से शिक्षा निदेशक को बाहर का रास्ता दिखाने की मांग करते हुए कहा कि दिल्ली के बहुप्रचारित शिक्षा मॉडल की पोल खुल चुकी है। 

आदेश गुप्ता ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से खोखली हो चुकी है। यहां के बच्चे नकल के दम पर कैसे किसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हो पाएंगे। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष योगिता सिंह सहित तमाम महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद थी।
 
आदेश गुप्ता ने कहा कि नकल के दम पर टिकी मॉडल शिक्षा नीति पूरी शिक्षा व्यवस्था पर ही सवाल खड़े करती है। मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया जिस शिक्षा प्रणाली को विश्वस्तरीय बताते हुए अपनी सबसे बड़ी सुधार बताते हैं, वह पूरी तरह ढकोसला है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि दिल्ली में शिक्षा का स्तर किस हद तक गिर चुका है। गुप्ता ने आरोप लगाया कि शिक्षा नीति के प्रचार पर बर्बाद किया जा रहा करोड़ों रुपये के फंड का दुरुपयोग बंद होना चाहिए।

Facebook Comments