जनता की समस्याओं का किया जाए त्वरित गति से निदान: केशव प्रसाद मौर्य
Date posted: 25 June 2019

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज यहां 7-कालीदास मार्ग स्थित अपने आवास पर प्रदेश के दूरदराज जिलों से आए विभिन्न लोगो की समस्याओं को उनसे सीधे रू-ब-रू होकर गम्भीरता पूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियोंको फोन करके समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि समस्याओं का निराकरण त्वरित गति से करने के भी निर्देश दिए। उन्होने जोर देते हुये कहा कि निस्तारण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए ताकि किसी फरियादी को दुबारा उस समस्या के निदान हेतु परेशान न होना पड़े।
श्री मौर्य ने कहा कि जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण मे किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता किसी भी दशा मे क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि वृद्धावस्था,विधवा एवं दिव्यांग पेंशन की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
जनता दर्शन कार्यक्रम मे आज उप मुख्यमंत्री के आवास पर फरियादियो का भारी मजमा रहा,जिसमे बांदा, वाराणसी, मैनपुरी, बाराबंकी, पीलीभीत, बुलन्दशहर, जौनपुर कानपुर नगर, बिजनौर, फिरोजाबाद, मथुरा, गाजियाबाद, कुशीनगर, बरेली आदि जनपदो के फरियादी रहे। जनता दरबार में पेन्शन, चिकित्सीय सहायता, भूमि व मकान सम्बन्धी विवाद, सड़क निर्माण, आवास आवंटन, रास्ता सम्बन्धी विवादो के अलावा अन्य कई तरह के प्रकरण फरियादियो ने रखे। उन्होंने कतिपय मामले मे, जिला अधिकारी, बांदा,जिला अधिकारी वाराणसी, जिला अधिकारी जौनपुर, जिला अधिकारी बुलन्दशहर को दो सदस्यीय कमेटी बनाकर निष्पक्ष जांच कराकर फरियादियो की समस्या निस्तारण के निर्देश दिए। कुछ मामलों मे सम्बन्धित पुलिस अधिकारियों को भी समस्या निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान कई जनप्रतिनिधियो, विधायक आदि ने भी उप मुख्यमंत्री से मिलकर जनहित से सम्बन्धित मामले रखे। उप मुख्यमंत्री ने सभी को विश्वास दिलाया कि लोगो की समस्याओं का समुचित समाधान प्राथमिकता से कराया जाएगा।
Facebook Comments