उ.प्र. के सभी जिलों में सी.एस.सी.-3.0 परियोजना आगामी 16 नवंबर से होगी प्रभावी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में सी.एस.सी.-3.0 जन सेवा केन्द्र परियोजना आगामी 16 नवंबर से प्रभावी हो जाएगी। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स आलोक कुमार की तरफ से जारी शासनादेश के माध्यम से समस्त मंडलायुक्त, जिलाधिकारी/अध्यक्ष डी.ई.जी.एस. सोसायटी, उत्तर प्रदेश को जन सेवा केंद्र (सी.एस.सी.- 3.0) परियोजना के क्रियान्वयन के संबंध में निर्देश दिए गए हैं कि सी.एस.सी.-3.0 परियोजना के क्रियान्वयन हेतु सभी संबंधित स्टेकहोल्डर्स से आवश्यक समस्त कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूर्ण कराते हुए सी.एस.सी.-3.0 परियोजना का संचालन निर्धारित तिथि से किया जाना सुनिश्चित करें।
ज्ञातव्य है कि सी.एस.सी.-3.0 परियोजना के अन्तर्गत उ0प्र0 के समस्त 75 जनपदों में 02-02 डिस्ट्रिक्ट सर्विस प्रोवाइडर (डी.एस.पी.) का चयन किया जा चुका है। प्रत्येक जनपद पर 02-02 डी.एस.पी संस्थाओं के चयन से प्रतिस्पर्था बढ़ेगी जिसके कारण आम जनमानस को प्रदान की जाने वाली सेवाओं में गुणवत्ता की बढ़ोत्तरी होगी।

सी.एस.सी.-3.0 परियोजना अन्तर्गत प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में 02 जन सेवा केन्द्र एवं शहरी क्षेत्रों की प्रत्येक 10,000 आबादी पर 02 जन सेवा केन्द्र खोले जायेंगे, इस परियोजना अन्तर्गत सम्पूर्ण प्रदेश में 1.5 लाख जन सेवा केन्द्रों को खोले जाने का लक्ष्य है। इस परियोजना में लगभग 4.50 लाख ग्रामीण युवा उद्यमियों को स्वरोजगार प्राप्त होगा एवं उनमें आर्थिक आत्म निर्भरता बढ़ेगी।

Facebook Comments