दिल्ली सरकार यह किस तरह का पक्षपात दिल्ली के लोगों के साथ कर रही है: गुप्ता
Date posted: 6 September 2020

नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने 14 दिनों के संगठनात्मक प्रवास कार्यक्रम के तीसरे दिन पश्चिमी दिल्ली जिले में प्रवास किया। श्री गुप्ता ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष व मंडल अध्यक्ष को बधाई दी। इस प्रवास के दौरान श्री गुप्ता ने जिला पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और पार्षदों के साथ बैठक कर पार्टी के विस्तार को लेकर चर्चा की और जिले में चल रहे विकास कार्यों से अवगत हुए।
श्री गुप्ता ने पश्चिमी दिल्ली जिले के केशोपुर वार्ड के जे. जे. क्लस्टर में प्रवास और जलपान किया और कार्यकर्ताओं एवं निवासियों से कोरोना संकट में हुई समस्याओं पर बातचीत की। इस अवसर पर सांसद प्रवेश साहिब सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर, जिला अध्यक्ष सचिन भसीन, पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश खन्ना सहित जिले एवं मंडल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
आज पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती पर उन्हें स्मरण कर नमन किया और शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आदेश गुप्ता ने कहा कि वास्तव में गुरु का स्थान माता-पिता व भगवान से भी ऊपर है। हमें जन्म माता-पिता से मिलता है, लेकिन हमें जीवन में जीने की शिक्षा, कामयाब बनने की शिक्षा सिर्फ गुरु देता है। शिक्षक सिर्फ वही नहीं होता है जो हमे सिर्फ स्कूल, कॉलेजों में पढ़ाये, शिक्षक वो भी है जो हमे जीवन जीने की कला सिखाता है और मार्गदर्शन करें। नई शिक्षा नीति के संदर्भ में भी यह शिक्षक दिवस खास बन जाता है। इस नीति में शिक्षा के ढांचे, विषयवस्तु और लक्ष्यों को लेकर नई दृष्टि अपनाई गई है, जो स्थानीय और वैश्विक, दोनों ही तरह के सरोकारों को संबोधित करने की चेष्टा करती है। शिक्षा की अब तक प्रचलित धारा से अलग हटते हुए इसमें विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति एक खुली दृष्टि अपनाई गई है। शिक्षक पूरी शिक्षा प्रक्रिया की धुरी होता है और आने वाले समय में नई शिक्षा नीति को सही ढंग से लागू करने में शिक्षक शिक्षा के ऊपर गहनता और प्रतिबद्धता के साथ संकल्पपूर्वक आगे बढ़ाएंगे।
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के बयान पर तंज कसते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि आज उपमुख्यमंत्री कह रहे हैं कि दिल्ली की वित्तीय हालत नाजुक है और उनके पास कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पैसे नहीं है, लेकिन साथ में यह भी कह रहे हैं कि नगर निगमों की कमान हमें दे दो हम नगर निगम चलाएंगे। संकट के समय में भी केजरीवाल सरकार अपनी जिम्मेदारियों से भागती रही और अब उन्होंने यह अपनी आदत बना ली है। दिल्ली सरकार पिछले 7 सालों से नगर निगम के फंड को रोककर दिल्ली के लोगों से बदला ले रही है और दिल्ली के विकास कार्यों में बाधा डालने का काम कर रही है। दिल्ली सरकार यह किस तरह का पक्षपात दिल्ली के लोगों के साथ कर रही है।
Facebook Comments