मनोज तिवारी ने किया छठ घाटों का दौरा,श्रमदान कर निगम कर्मचारियों का बढ़ाया हौसला
Date posted: 10 November 2018

नई दिल्ली, 10 नवम्बर। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद श्री मनोज तिवारी ने आज छठ घाट की तैयारियों का जायजा लिया। तैयारियों का जायजा लेने के लिए श्री मनोज तिवारी ने सोनिया विहार में छठ घाटों का दौरा किया उनके साथ भाजपा के जिला अध्यक्ष श्री अजय महावर, श्री कैलाश जैन, जोन चेयरमैन श्री प्रमोद गुप्ता, मीडिया विभाग के प्रदेश सह-प्रमुख श्री आनन्द त्रिवेदी, मुकेश गोयल, निगम पार्षद श्रीमती सुषमा मिश्रा, श्री संजय सिंह, निगम एवं जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर श्री मनोज तिवारी ने यमुना के अंदर और तटों पर सांकेतिक श्रमदान कर सफाई व्यवस्था में लगे निगम कर्मचारियों का हौसला भी बढ़ाया।
सांकेतिक श्रमदान और निरीक्षण करने के बाद श्री मनोज तिवारी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मेरा सौभाग्य है कि इतनी सुंदर और निर्मल यमुना हमारे संसदीय क्षेत्र के बीच से बहती है जो न सिर्फ हमारे क्षेत्र के सौंदर्यीकरण में चार चाँद लगाती है बल्कि पूरी दिल्ली की प्यास बुझाती है। हम अपने कार्यकर्ताओं के साथ वर्ष मे कई बार इस तट पर आकर यमुना की स्वच्छता लिए श्रमदान करते हैं क्योंकि इसके सौंदर्य को बनाए रखने का हमारा नैतिक कर्तव्य बनता है।
श्री मनोज तिवारी ने कहा कि सरकारों के साथ-साथ आम जनता को भी जागरूक होना चाहिए कि वो दिल्ली की पहचान यमुना को स्वच्छ बनाए रखें और उसके लिए नियमित श्रमदान करें। उन्होंने कहा कि लगभग सात लाख लोग पूजा अर्चना करते हैं और उसके लिए सोनिया विहार का कई किलोमीटर लंबा यमुना तट तैयार है जिसके लिए नगर निगम एवं प्रशासन के कर्मचारी अधिकारी बधाई के पात्र हैं।
श्री मनोज तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के हजारों कार्यकर्ता महापर्व छठ की तैयारियों में न सिर्फ सहयोग करेंगे बल्कि पूजा अर्चना के लिए घाटों तक आने वाले श्रद्धालुओं की सहायता करेंगे। जहाँ-जहाँ जरूरत पड़ेगी वहाँ भाजपा की ओर से सेवा शिविर भी लगाए जाएंगे।
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी श्री ब्रजेश सिंह, श्री जगतनारायण गुप्ता, श्री वी एन झा, श्री जबर सिंह, श्री राकेश डेढ़ा, मंडल अध्यक्ष श्री अनुपम पांडे, श्री भुवनेश सिंघल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता इस स्थानीय लोग एवं निगम कर्मचारी उपस्थित रहे।
Facebook Comments