November 23, 2026 | 17:48:32
नई दिल्ली, 23 नवंबर 2026। देश की जानी-मानी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर कंपनी Bisleri International की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के एक पानी के सैंपल को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उसके खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दे दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित Bisleri के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल से जुड़ा है। जांच के दौरान छह सैंपल लिए गए थे, जिनमें से पांच निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई, जबकि इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
कंपनी की अपील के बाद सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा गया। वहां ब्रोमेट निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया, लेकिन जांच में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) की मौजूदगी भी सामने आई। इसके बाद सैंपल को असुरक्षित घोषित किया गया।
वहीं, Bisleri ने FSSAI की कार्रवाई पर अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि मामला सितंबर 2025 के एक बैच से जुड़ा है। कंपनी का दावा है कि एक अन्य FSSAI-अनुमोदित लैब में जांच के दौरान ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली थी। कंपनी के मुताबिक, उसने फरवरी 2026 में जांच रिपोर्ट नियामक को सौंप दी थी और उसे अब तक कोई आधिकारिक नोटिस नहीं मिला है।
कंपनी ने यह भी कहा है कि उसकी निर्माण प्रक्रिया में 10 चरणों के दौरान 90 से अधिक गुणवत्ता जांच की जाती हैं और वह नियामक के साथ पूरा सहयोग करेगी।