November 21, 2026 | 02:30:21

बुलंदशहर में D-Company के गैंगस्टर नसीम दुर्रानी का एनकाउंटर!

20 Nov 2026
बुलंदशहर में D-Company के गैंगस्टर नसीम दुर्रानी का एनकाउंटर!

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दिल्ली पुलिस और नोएडा STF की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंडरवर्ल्ड से जुड़े गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को एनकाउंटर में मार गिराया। यह मुठभेड़ सिकंदराबाद क्षेत्र के सिकंदरा बाईपास के पास हुई।

पुलिस के मुताबिक, नसीम दुर्रानी उर्फ रिजवान पर 25 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास और लूट जैसे गंभीर मामले शामिल थे।

बताया जा रहा है कि नसीम दुर्रानी के तार अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की D-Company से जुड़े थे। वह छोटा शकील के संपर्क में भी था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, साल 2016-17 में छोटा शकील ने नसीम दुर्रानी को तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन की हत्या की सुपारी दी थी।

नसीम दुर्रानी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में 16 नवंबर को हुए समीर हत्याकांड में भी वांछित था। इस वारदात में समीर को दिल्ली के कानून मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के पास गोली मारी गई थी।

जांच के दौरान पुलिस को बुलंदशहर में उसकी मौजूदगी की जानकारी मिली। इसके बाद दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और नोएडा STF ने संयुक्त अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान नसीम ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement