November 17, 2026 | 05:44:33
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर और दिल्ली के बीच रेल सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। करीब 25 साल बाद कानपुर को दिल्ली के लिए नई नियमित एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिली है। 16 नवंबर 2026 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुर सेंट्रल से नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच प्रतिदिन चलेगी। रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 14153 कानपुर से रात 8 बजकर 40 मिनट पर रवाना होकर अगले दिन सुबह 4 बजकर 50 मिनट पर आनंद विहार पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 14154 आनंद विहार से रात 11 बजकर 25 मिनट पर रवाना होकर सुबह 7 बजकर 25 मिनट पर कानपुर पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद में होगा। करीब 428 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन से यात्रियों को दिल्ली और एनसीआर जाने के लिए एक और विकल्प मिलेगा।
नई ट्रेन शुरू होने से व्यापारियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर गाजियाबाद और आसपास के यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा।