November 18, 2026 | 00:29:29
मथुरा: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मथुरा से सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, "अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी।" मथुरा में बीजेपी की दो दिवसीय चिंतन बैठक के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मौर्य ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनने के बाद अब भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर का निर्माण होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मंदिर का निर्माण कानूनी प्रक्रिया या आपसी बातचीत के जरिए हो, लेकिन यह बीजेपी की प्राथमिकता में शामिल है। केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह सच्चे कृष्ण भक्त हैं तो श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए कारसेवा में शामिल होने मथुरा आएं। उन्होंने कहा कि वह खुद भी अखिलेश यादव के साथ कारसेवा में शामिल होंगे।
मौर्य ने दावा किया कि बीजेपी 2027 में उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था, विकास और गरीब कल्याण को भी अपनी पार्टी की प्राथमिकता बताया। केशव मौर्य के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।