November 19, 2026 | 00:39:46
चतरा (झारखंड): झारखंड के चतरा जिले में बुधवार को NTPC के निर्माणाधीन प्लांट में बड़ा हादसा हो गया। टंडवा स्थित नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट में कन्वेयर बेल्ट के निर्माण के दौरान अचानक दुर्घटना हो गई। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, हादसा NTPC के CHP-JH-1 साइट पर हुआ, जहां कोयला ले जाने वाली कन्वेयर बेल्ट का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान निर्माणाधीन ढांचे के गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक मजदूर Simplex Infrastructures Limited और ThyssenKrupp कंपनियों के अंतर्गत काम कर रहे थे।
NTPC ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे में तीन कर्मचारियों की जान गई है और दो घायल हुए हैं। कंपनी ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने की बात कही है।
वहीं, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। NTPC ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।