November 20, 2026 | 02:28:00

PM Modi का बड़ा बयान: भारत की विकास गति दुनिया में सबसे तेज, 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर

19 Nov 2026
PM Modi का बड़ा बयान: भारत की विकास गति दुनिया में सबसे तेज, 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में फिक्की (FICCI) की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित वार्षिक आम बैठक और सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक प्रगति, गरीबी उन्मूलन, निर्यात और उद्योगों के भविष्य को लेकर अपनी बात रखी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत में विकास की गति सबसे तेज है और गरीबी से बाहर निकलने की रफ्तार भी अभूतपूर्व है। उन्होंने देश की आर्थिक प्रगति का श्रेय युवाओं, किसानों, मजदूरों, उद्यमियों और उद्योग जगत के सामूहिक प्रयासों को दिया।

50 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने का किया जिक्र

पीएम मोदी ने विश्व बैंक की एक हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 12 से 13 वर्षों में करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने इसे देश के लिए गर्व की उपलब्धि बताते हुए कहा कि सही नीतियों और मजबूत इरादों के साथ भारत विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था भारत

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भारत की आर्थिक विकास दर करीब 7 प्रतिशत रहने का अनुमान लगा रही हैं। उन्होंने कहा कि मूडीज, एसएंडपी, फिच, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक जैसी संस्थाओं ने भारत के विकास अनुमानों में बढ़ोतरी की है।

अक्टूबर में निर्यात ने बनाया रिकॉर्ड

पीएम मोदी ने बताया कि अक्टूबर महीने में भारत का वस्तु निर्यात करीब 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो एक महीने में दर्ज किया गया अब तक का रिकॉर्ड स्तर है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय उद्योगों और देश की उत्पादन क्षमता के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

अगले 20 वर्षों के लिए उद्योग जगत को दिया संदेश

प्रधानमंत्री ने फिक्की और देश के उद्योगपतियों से अगले 20 वर्षों की योजनाओं पर विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर दीर्घकालिक निवेश निर्णय में 'इंडिया फर्स्ट' को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत का घरेलू बाजार केवल आराम का क्षेत्र नहीं बनना चाहिए, बल्कि इससे वैश्विक बाजारों में प्रतिस्पर्धा करने का आत्मविश्वास मिलना चाहिए। उन्होंने उद्योग जगत से आत्मनिर्भरता को मजबूत करने और आयात पर निर्भरता कम करने वाले क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार के साथ-साथ उद्योग जगत की भी अहम भूमिका होगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement