August 20, 2026 | 17:30:15
अयोध्या। राम मंदिर निर्माण को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि मंदिर परिसर का अधिकांश निर्माण कार्य 30 सितंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच जाएगा।
अयोध्या में चल रही निर्माण समिति की बैठक में मंदिर परिसर में बचे हुए निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। समिति के मुताबिक, अधिकांश काम सितंबर के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, निर्माण से जुड़ी एलएंडटी और टाटा की टीमें 30 अक्टूबर तक साइट से हट जाएंगी।
राम मंदिर परिसर से जुड़े अंतरराष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय का निर्माण इसके बाद भी जारी रहेगा। संग्रहालय को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें आधुनिक तकनीक से लैस 20 गैलरियां तैयार की जा रही हैं।
मंदिर परिसर की करीब चार किलोमीटर लंबी बाउंड्री वॉल का काम भी चल रहा है। वहीं ऑडिटोरियम का निर्माण भी जारी रहेगा। अधिकारियों के मुताबिक, मंदिर परिसर के कुछ सहायक और विकास कार्य मुख्य निर्माण पूरा होने के बाद भी चलते रहेंगे।
News Circle: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। सितंबर के अंत तक परिसर के अधिकांश निर्माण कार्य पूरे होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं और परिसर के अन्य विकास कार्यों पर फोकस बढ़ेगा।