August 20, 2026 | 17:31:44
वॉशिंगटन। अमेरिका का राष्ट्रीय कर्ज पहली बार 40 ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है। अमेरिकी ट्रेजरी के आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को कुल राष्ट्रीय कर्ज करीब 40.047 ट्रिलियन डॉलर दर्ज किया गया। यह अमेरिका के इतिहास में कर्ज का अब तक का सबसे बड़ा स्तर है।
अमेरिका का राष्ट्रीय कर्ज तेजी से बढ़ रहा है। अक्टूबर 2025 में यह 38 ट्रिलियन डॉलर के पार था, मार्च 2026 में 39 ट्रिलियन डॉलर पहुंचा और अब अगस्त में 40 ट्रिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर गया है। यानी करीब 10 महीनों में कर्ज में लगभग 2 ट्रिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई है।
अमेरिकी सरकार के बढ़ते खर्च, रक्षा बजट, सोशल सिक्योरिटी और मेडिकेयर जैसी योजनाओं पर खर्च तथा पुराने कर्ज पर बढ़ता ब्याज इसके प्रमुख कारणों में शामिल हैं। कर्ज पर ब्याज का बोझ भी अमेरिकी बजट पर लगातार बढ़ रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ता सरकारी कर्ज भविष्य में सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। ज्यादा ब्याज भुगतान से दूसरे क्षेत्रों के लिए उपलब्ध धन कम हो सकता है और उधारी की लागत पर भी दबाव बढ़ सकता है।
News Circle: अमेरिका का 40 ट्रिलियन डॉलर का कर्ज सिर्फ एक नया रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि यह दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के सामने बढ़ती वित्तीय चुनौती को भी दिखाता है।