August 18, 2026 | 17:23:46
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
लगातार बारिश के चलते प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर और कौशांबी समेत कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि गंगा और यमुना का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है।
प्रयागराज में भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए 18 अगस्त को सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में प्रशासन को जलभराव और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।