August 18, 2026 | 17:25:17
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लिया है। बीजेपी ने राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का नया प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी के इस फैसले को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। तावड़े अब यूपी में संगठन को मजबूत करने, चुनावी रणनीति तैयार करने और पार्टी के अभियान को गति देने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
विनोद तावड़े इससे पहले बिहार और हरियाणा में भी पार्टी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। संगठन और चुनावी रणनीति में उनके अनुभव को देखते हुए बीजेपी ने उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य की कमान सौंपी है।
बीजेपी के इस संगठनात्मक बदलाव से साफ है कि पार्टी ने मिशन 2027 की तैयारियों को तेज कर दिया है। आने वाले दिनों में यूपी में संगठनात्मक गतिविधियां और चुनावी रणनीति और अधिक सक्रिय होने की उम्मीद है।