August 24, 2026 | 03:42:22
पटना: टी.पी.एस. महाविद्यालय में राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित 40 घंटे के मानवाधिकार जागरूकता प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम के चौथे दिन प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) तपन कुमार शांडिल्य के नेतृत्व में मानवाधिकार क्लब की स्थापना की गई।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मानवाधिकार प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान, समानता और गरिमा से जुड़े हैं। युवाओं में मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता विकसित करना आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्लब विद्यार्थियों को अपने तथा दूसरों के अधिकारों के प्रति सजग और जिम्मेदार बनाएगा।
प्रधानाचार्य ने पाठ्यक्रम की समन्वयक डॉ. नूतन कुमारी को क्लब की अध्यक्षा मनोनीत किया। 65 विद्यार्थियों को संस्थापक सदस्य तथा डॉ. उमेश कुमार को संस्थापक शिक्षक सदस्य बनाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के सेवानिवृत्त विभागाध्यक्ष प्रो. अजीत कुमार ने मानवाधिकार जागरूकता पर व्याख्यान दिया। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव एवं जंतु विज्ञान विभाग के डॉ. नीरज कुमार रंजन ने मानवाधिकारों के महत्व पर विचार व्यक्त किए। वहीं डॉ. उमेश कुमार एवं डॉ. नूतन कुमारी ने पाठ्यक्रम के संबंधित मॉड्यूल पर व्याख्यान दिया।
द्वितीय सत्र में प्रधानाचार्य ने “मानवाधिकार एवं लैंगिक असमानता” विषय पर व्याख्यान देते हुए लैंगिक समानता और सामाजिक संवेदनशीलता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन साक्षरता क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. नितिन कुमारी ने लोकतांत्रिक मूल्यों एवं निर्वाचन साक्षरता के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। मीडिया प्रभारी डॉ. मुकुंद कुमार ने कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार में सहयोग किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।