August 08, 2026 | 11:28:40

09 से 17 अगस्त तक “हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किया जाएगा: जयवीर सिंह

07 Aug 2026
09 से 17 अगस्त तक “हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किया जाएगा: जयवीर सिंह

लखनऊ:    प्रदेश के समस्त जनपदों में 09 से 17 अगस्त, 2026 के बीच “हर घर तिरंगा अभियान-2026” का आयोजन किया जाएगा। इस हेतु अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति की ओर से समस्त अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, उ0प्र0 शासन तथा समस्त जिलाधिकारियों को विस्तृत दिशा निर्देश जारी करा दिए गए है। जिला स्तर पर इस आयोजन हेतु कार्यक्रम का समन्वय संबंधित जिलाधिकारी द्वारा किया जाएगा। जारी शासनादेश में हर घर तिरंगा अभियान-2026 को चरणबद्ध रूप से आयोजन के निर्देश दिए गए है।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री  जयवीर सिंह ने बुधवार को दी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण 06 अगस्त से 08 अगस्त, 2026 के दौरान स्कूलों की दीवारों और बोर्डों को तिरंगा से प्रेरित कलाकृतियां सजायी जाएगी। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप मुख्य कार्यक्रम शैक्षणिक, संस्थानों, सरकारी भवनों, शॉपिंग मॉल, रेलवेस्टेशन, हवाई अड्डा, बस अड्डा, सार्वजनिक उद्यान आदि चिन्हित स्थानों पर किया जाएगा। इसके अलावा स्कूलों, कालेजों और सार्वजनिक स्थानों आदि पर तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।


द्वितीय चरण दिनांक 09 से 12 अगस्त, 2026 के दौरान प्रत्येक जनपद के तकनीकी संस्थानों में जिलाधिकारी द्वारा स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित प्रतियोगिता करायी जाएगी, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालयों को 26 जनवरी, 2027 को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा द्वितीय चरण में तिरंगा महोत्सव, तिरंगा मेला तथा प्रदेश स्तरीय तिरंगा महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा। तृतीय चरण दिनांक 13-15 अगस्त, 2026 के दौरान शिक्षण संस्थाओं में रैली आयोजित करायी जाएगी। शहीद स्थलों, स्मारकों पर पुलिस/पीएसी बैंड सुबह शाम देशप्रेम संबंधी गीतों की धुन का वादन करेंगे। उन्होंने बताया कि जारी निर्देशों के अनुरूप सभी कार्यक्रमों में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए।  


जयवीर सिंह ने बताया कि हर घर तिरंगा-2026 को जनआंदोलन जन भागीदारी तथा राष्ट्र गौरव की भावना से आयोजित किया जाए। इस वर्ष 05 करोड़ झंडा फहराने का लक्ष्य है। प्रदेश के 75 जनपदों में राज्य व्यापी सहभागिता सुनिश्चित की जाए। राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना, प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करना, स्वतंत्रता संग्राम के प्रति सम्मान का भाव उजागर करना तथा राष्ट्र के प्रति दायित्व बोध उत्पन्न करना हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य है। ग्रामीण क्षेत्रों में 02 करोड़ झंडे राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्माण किया जाएगा। 01 करोड़ झंडे शहरी क्षेत्र में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के समूहों के माध्यम से तैयार कराया जाएगा।


हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आवासित घर, सरकारी कार्यालय/परिसर सरकारी /गैर सरकारी, शैक्षणिक संस्थान, औद्योगिक इकाईयां, शहीद स्मारक तथा अमृत सरोवर पर फहराए जाएंगे। सभी जिलों में 09 से 15 अगस्त तक तिरंगा रैली का आयोजन एवं रैली से पूर्व वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कराया जाएगा। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम की स्मृति में विशेषआयोजन के तहत मेरठ, चौरी-चौरा, झांसी किला, बिठूर, रेजीडेंसी, बलिया, सुहेलदेव स्मारक पर 09-15 अगस्त तक कार्यक्रम आयोजित कर स्वतंत्रता सेनानियों का स्मरण किया जाएगा। जयवीर सिंह ने बताया कि इन समस्त कार्यक्रमों में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले शहीदों को नमन किया जाए।

Advertisement