November 09, 2026 | 21:45:43
नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। यमन में पिछले करीब दो सप्ताह से फंसे 19 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। यमन स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार, 8 नवंबर को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और उनकी सेहत भी ठीक है। अब सभी भारत लौट रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, ये 19 भारतीय नाविक यमन के होदेइदा और राजधानी सना में फंसे हुए थे। क्षेत्र में लगातार बढ़ते सैन्य तनाव और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण उनकी सुरक्षित वापसी चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी। भारतीय दूतावास ने संबंधित पक्षों और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सभी नाविकों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर बताया कि सभी 19 नाविक सुरक्षित और स्वस्थ हैं तथा भारत लौट रहे हैं। दूतावास ने इस मानवीय अभियान में सहयोग करने वाले सभी संबंधित लोगों और पक्षों का आभार जताया।
यह रेस्क्यू ऐसे समय हुआ है, जब 23 अक्टूबर को यमन के होदेइदा तट के पास एक यॉट में सवार 14 भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी खबर सामने आई थी। भारतीय दूतावास ने उस समय सभी 14 नागरिकों के सुरक्षित होने की पुष्टि की थी। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वे 14 नागरिक हाल ही में निकाले गए 19 नाविकों में शामिल हैं या नहीं।
यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच बढ़ते तनाव ने लाल सागर और बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यह समुद्री मार्ग अंतरराष्ट्रीय व्यापार और मालवाहक जहाजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे हालात में 19 भारतीय नाविकों का सुरक्षित निकाला जाना भारत के लिए बड़ी राहत की खबर है।