November 10, 2026 | 21:37:37

मेरठ में ओवैसी की एंट्री से मचेगी हलचल! 14 नवंबर को नौचंदी मैदान में करेंगे बड़ा ऐलान?

10 Nov 2026
मेरठ में ओवैसी की एंट्री से मचेगी हलचल! 14 नवंबर को नौचंदी मैदान में करेंगे बड़ा ऐलान?

मेरठ:  उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के मेरठ दौरे ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा शुरू कर दी है। असदुद्दीन ओवैसी 14 नवंबर को मेरठ के नौचंदी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यह उनकी महत्वपूर्ण चुनावी सभाओं में से एक होगी। इस जनसभा के जरिए AIMIM अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने और पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की तैयारी कर रही है।

ओवैसी के इस दौरे को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपना जनाधार बढ़ाने के लिए लगातार सक्रिय है। इससे पहले भी ओवैसी प्रदेश के कई जिलों में जनसभाएं कर चुके हैं और समाजवादी पार्टी की राजनीति पर सवाल उठाते रहे हैं।

वहीं, AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच संभावित गठबंधन को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, गठबंधन को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में AIMIM ने मेरठ जिले की चार सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन पार्टी किसी भी सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सकी थी। ऐसे में अब सभी की निगाहें 14 नवंबर को होने वाली ओवैसी की जनसभा पर टिकी हैं।

अब देखना होगा कि ओवैसी की यह रैली मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत में कितना असर डालती है और 2027 के चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति क्या रहती है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement