November 10, 2026 | 21:37:35
पटना: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार से तीन दिवसीय बिहार दौरे पर हैं। 10 से 12 नवंबर तक चलने वाले इस दौरे के दौरान वह छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेने के साथ पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। उनके बिहार दौरे को राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, नितिन नवीन मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे पटना के दीघा स्थित नासरीगंज घाट से गायघाट तक गंगा किनारे बने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वह छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेंगे।
इसके बाद शाम करीब 5:30 बजे वह पूर्व राज्यसभा सांसद एवं बीजेपी के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय आरके सिन्हा के आवास पहुंचेंगे। यहां वह दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करेंगे।
दौरे के दूसरे और तीसरे दिन यानी 11 और 12 नवंबर को नितिन नवीन पार्टी के पूर्व निर्धारित संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा और गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।
गौरतलब है कि छठ महापर्व को लेकर बिहार में तैयारियां तेज हैं। पटना में गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा है।
अब नितिन नवीन के इस तीन दिवसीय दौरे के दौरान होने वाली संगठनात्मक बैठकों और पार्टी नेताओं के साथ उनकी मुलाकातों पर राजनीतिक गलियारों की नजर रहेगी।