November 07, 2026 | 21:37:15
अयोध्या: भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या आज भव्य दीपोत्सव के रंग में रंगी नजर आ रही है। दीपोत्सव के दसवें संस्करण को लेकर रामनगरी में विशेष तैयारियां की गई हैं। सरयू नदी के तट स्थित राम की पैड़ी समेत 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक मिट्टी के दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। दीपों की रोशनी से पूरी अयोध्या को जगमग करने की तैयारी है। इस वर्ष दीपोत्सव का मुख्य आकर्षण 2,100 स्वदेशी ड्रोन का भव्य शो होगा। इसके माध्यम से आसमान में भगवान श्रीराम के जीवन और रामायण से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा लेजर शो, 3D प्रोजेक्शन मैपिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम और संगीतमय आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
इस भव्य आयोजन में भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। उपराष्ट्रपति श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन करने के साथ भगवान श्रीराम के प्रतीकात्मक राज्याभिषेक कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
दीपोत्सव के लिए 35 हजार से अधिक स्वयंसेवक दीपों की व्यवस्था में जुटे हैं। वहीं देश-विदेश के करीब 2,500 कलाकार 12 मंचों पर अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और लाओस समेत विभिन्न देशों की रामलीला टीमें भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर को भी एक लाख मिट्टी के दीपों से रोशन करने की तैयारी है। सरयू तट पर भव्य महाआरती और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
वर्ष 2017 में शुरू हुआ अयोध्या का दीपोत्सव आज अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुका है। इस बार 30 लाख से अधिक दीप जलाकर नया कीर्तिमान स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। दीपोत्सव से अयोध्या में धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय कारीगरों, कुम्हारों और व्यापारियों को भी रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।