November 22, 2026 | 02:26:12
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच जुबानी जंग देखने को मिल रही है। आजम खान के हैदराबादी बिरयानी वाले तंज पर अब ओवैसी ने जवाब दिया है।
दरअसल, आजम खान ने ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा था कि उनके इलाके में हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती, बल्कि लोग पुलाव और मटन बिरयानी खाना पसंद करते हैं।
आजम खान ने ओवैसी की दाढ़ी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा था कि केवल दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं बन जाता। उन्होंने ओवैसी को मौलाना के बजाय बैरिस्टर बताया था।
अब असदुद्दीन ओवैसी ने सहारनपुर में इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सवाल उनका नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की जनता का है। उन्होंने कहा कि उन्हें खाने-पीने का विशेष शौक नहीं है। उन्होंने विदेश में काफी मुश्किलों के बीच कानून और बैरिस्टर की पढ़ाई पूरी की है।
ओवैसी ने आगे तंज भरे अंदाज में कहा कि कुछ लोग सिर्फ खाने के लिए जीते हैं, लेकिन उनके लिए जो उपलब्ध हो, वही पर्याप्त है।
हालांकि, ओवैसी ने आजम खान के प्रति नरम रुख भी दिखाया। उन्होंने आजम खान को जमानत मिलने पर खुशी जताई और कहा कि वह 80 साल के हैं, अल्लाह उन्हें अच्छी सेहत दे और अपना ख्याल रखें।
दोनों नेताओं के बीच यह बयानबाजी ऐसे समय में हो रही है, जब यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं।