November 22, 2026 | 02:26:13
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की आर्थिक तरक्की और GDP ग्रोथ की तारीफ की है। उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को अमेरिका के लिए एक उदाहरण बताते हुए कहा कि भारत की GDP ग्रोथ करीब 7 प्रतिशत है।
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि अमेरिका में ब्याज दरें बहुत ज्यादा हैं और इससे आर्थिक विकास प्रभावित हो रहा है।
ट्रंप ने भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत में ब्याज दरें कम हैं और उसकी GDP ग्रोथ 7 प्रतिशत है। उन्होंने दावा किया कि अगर अमेरिका में भी ब्याज दरें कम की जाएं तो वहां की अर्थव्यवस्था 15 से 20 प्रतिशत तक की ग्रोथ हासिल कर सकती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने फेडरल रिजर्व पर राजनीतिक तरीके से फैसले लेने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि जब अमेरिका के आर्थिक आंकड़े अच्छे आते हैं, तब ब्याज दरें बढ़ाने के बजाय उन्हें कम किया जाना चाहिए।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका में महंगाई और ब्याज दरों को लेकर बहस जारी है। भारत की आर्थिक विकास दर का उदाहरण देकर ट्रंप ने अमेरिकी आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए हैं।