November 08, 2026 | 21:36:50

लखनऊ जा रही इंडिगो फ्लाइट में हाईजैक की धमकी! विमान की कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

08 Nov 2026
लखनऊ जा रही इंडिगो फ्लाइट में हाईजैक की धमकी! विमान की कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

बेंगलुरु/लखनऊ:  बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। विमान के टॉयलेट में हाथ से लिखा धमकी भरा नोट मिलने के बाद पायलट ने एहतियातन विमान को वापस बेंगलुरु एयरपोर्ट ले जाने का फैसला किया। इस फ्लाइट में 178 यात्री सवार थे। घटना के बाद बेंगलुरु एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई।

विमान के टॉयलेट में मिला धमकी भरा नोट

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-451 ने 7 नवंबर की शाम करीब 5:50 बजे बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान विमान के टॉयलेट में एक यात्री को हाथ से लिखा संदिग्ध नोट मिला। इस नोट में लिखा था कि विमान को शाम 6:30 बजे हाईजैक किया जाएगा। साथ ही धमकी दी गई थी कि इसे नजरअंदाज करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

पायलट ने तुरंत ATC को दी सूचना

धमकी भरे नोट की जानकारी मिलते ही यात्री ने केबिन क्रू को इसकी सूचना दी। क्रू ने तत्काल पायलट को अलर्ट किया, जिसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को जानकारी दी गई। यात्रियों और विमान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने विमान को वापस बेंगलुरु एयरपोर्ट मोड़ दिया।

सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया

विमान के बेंगलुरु एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की तलाशी ली और संदिग्ध नोट को लेकर जांच शुरू की। एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और यात्रियों से भी पूछताछ की गई।

जांच में झूठी निकली हाईजैक की धमकी

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने करीब 90 मिनट तक विमान की जांच की। जांच में किसी तरह का संदिग्ध सामान या वास्तविक खतरा नहीं मिला। अधिकारियों ने धमकी को फर्जी (Hoax) माना। इसके बाद आवश्यक सुरक्षा मंजूरी मिलने पर विमान ने दोबारा लखनऊ के लिए उड़ान भरी।

इंडिगो एयरलाइन ने जारी किया बयान

इंडिगो ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि 7 नवंबर को बेंगलुरु से लखनऊ जा रही फ्लाइट 6E-451 में सुरक्षा संबंधी खतरे की सूचना मिली थी। निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए एयरलाइन ने खेद जताया और कहा कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement