November 25, 2026 | 19:34:05

Umar Khalid Sharjeel Imam Bail: सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को जारी किया नोटिस

25 Nov 2026
Umar Khalid Sharjeel Imam Bail: सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को जारी किया नोटिस

नई दिल्ली। दिल्ली दंगों से जुड़े कथित बड़ी साजिश के मामले में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर बुधवार, 25 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। शीर्ष अदालत ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर दोनों की याचिकाओं पर जवाब मांगा है।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने मामले की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान उमर खालिद की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अंतरिम जमानत की मांग की। वहीं, शरजील इमाम की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे ने भी लंबे समय से जेल में रहने का हवाला देते हुए अंतरिम राहत की मांग रखी।

हालांकि, अदालत ने फिलहाल अंतरिम जमानत देने से इनकार करते हुए कहा कि पहले दिल्ली पुलिस का पक्ष सुना जाएगा। पीठ ने मामले को तीन न्यायाधीशों की पीठ के गठन के लिए मुख्य न्यायाधीश के प्रशासनिक पक्ष के समक्ष रखने का निर्देश भी दिया।

दोनों आरोपियों ने अपनी याचिकाओं में लंबे समय से जेल में रहने और मुकदमे की सुनवाई में देरी का मुद्दा उठाया है। उनका कहना है कि अभियोजन पक्ष द्वारा संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी नहीं हुई है और पहले लगाए गए एक वर्ष के प्रतिबंध की अवधि समाप्त होने के करीब है।

यह मामला फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा से जुड़े कथित बड़ी साजिश के आरोपों से संबंधित है। दोनों पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आरोप लगाए गए हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement