November 14, 2026 | 05:53:58
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बीजेपी प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर एक महीने का 'मतदाता जोड़ो अभियान-2026' चलाने जा रही है।
इस अभियान की शुरुआत 17 नवंबर से होगी और यह 16 दिसंबर 2026 तक चलेगा। पार्टी ने प्रदेश के सभी 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर काम करने की योजना बनाई है।
बीजेपी ने हर बूथ पर 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इस हिसाब से पार्टी करीब 86 लाख 86 हजार 500 नए मतदाताओं को जोड़ने की तैयारी कर रही है।
13 नवंबर को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
अभियान के तहत 16 से 18 नवंबर तक जिला स्तरीय बैठकें और 19 से 21 नवंबर तक विधानसभा स्तर की बैठकें होंगी। इसके बाद 22 से 24 नवंबर तक विशेष मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच करेंगे और पात्र लोगों को नाम जुड़वाने में मदद करेंगे।
बीजेपी ने युवाओं को भी इस अभियान में विशेष प्राथमिकता दी है। 1 से 3 दिसंबर तक युवा मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। इसमें 18 से 25 वर्ष के युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर रहेगा।
इसके लिए फॉर्म-6 और फॉर्म-8 के इस्तेमाल की प्रक्रिया भी कार्यकर्ताओं को समझाई जाएगी। पार्टी प्रदेश कार्यालय से अभियान की नियमित निगरानी करेगी और जिला से लेकर बूथ स्तर तक रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
दरअसल, उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का पुनरीक्षण राजनीतिक दलों के लिए अहम मुद्दा बन गया है। अब देखना होगा कि बीजेपी का यह अभियान प्रदेश में मतदाता सूची से जुड़े कितने पात्र लोगों तक पहुंच पाता है।