August 10, 2026 | 10:52:13

किसानों की समस्याओं के समाधान की जगी उम्मीद

09 Aug 2026
किसानों की समस्याओं के समाधान की जगी उम्मीद
नोएडा:  ग्राम रोहिल्लापुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों ने  नोएडा विधायक पंकज सिंह का पगड़ी पहनाकर एवं सम्मानपूर्वक धन्यवाद ज्ञापित किया। ग्रामीणों ने विधायक जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा ग्रामीणों एवं किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना है और उनके न्यायोचित समाधान के लिए प्रभावी ढंग से अपनी बात रखी है।

 
हाल ही में ग्राम रोहिल्लापुर, सेक्टर-132 की ग्रामीण आबादी में नोएडा प्राधिकरण द्वारा गलत तरीके से 5% भूखंड लगाए जाने की समस्या विधायक  पंकज सिंह  के समक्ष रखी गई थी।  विधायक  ने इस गंभीर समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष एवं न्यायपूर्ण समाधान निकालने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नोएडा प्राधिकरण द्वारा तीन विभागों की एक संयुक्त कमेटी गठित की गई, जिसे किसानों के साथ हुए 5(1)(क) कमेटी के अंतर्गत किए गए आबादी विनियमीकरण एवं संबंधित समझौतों तथा उपलब्ध अभिलेखों की जांच करने की जिम्मेदारी दी गई है। जांच के आधार पर किसानों की भूमि पर लगाए गए 5% भूखंडों को निरस्त करने तथा आवश्यकतानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने की उम्मीद है।
 
संयुक्त कमेटी को जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश
 
विधायक पंकज सिंह ने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तीन विभागों की गठित संयुक्त कमेटी अपनी जांच शीघ्र पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करे। उन्होंने निर्देशित किया कि कमेटी उपलब्ध अभिलेखों एवं भूमि विभाग के रिकॉर्ड का आपस में मिलान करते हुए पूरे प्रकरण का निष्पक्ष एवं न्यायपूर्ण परीक्षण करे तथा बिना अनावश्यक विलंब के अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे, ताकि किसानों के हित सुरक्षित रहें और प्रकरण का शीघ्र समाधान हो सके।
 
नोएडा में जल्द लीजबैक की कोशिश तेज
 
विधायक पंकज सिंह जी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर नोएडा में जिन किसानों एवं ग्रामीणों के मामलों में 5(1)(क) कमेटी की रिपोर्ट लग चुकी है, उनकी भूमि के लीजबैक की प्रक्रिया भी जल्द से जल्द पूरी कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिल चुके हैं और अब जल्द ही नोएडा प्राधिकरण पर इस बाबत आवश्यक दबाव बनाया जाएगा, ताकि 5(1)(क) कमेटी की रिपोर्ट वाले मामलों में शीघ्र कार्रवाई हो सके और किसानों एवं ग्रामीणों को उनका उचित लाभ मिल सके।
 
ग्रामीणों ने कहा कि इस पहल से न केवल रोहिल्लापुर के वर्तमान प्रकरण के समाधान की उम्मीद बढ़ी है, बल्कि नोएडा प्राधिकरण की ऐसी अन्य नीतियों एवं कार्यप्रणाली, जिनसे ग्रामीणों और किसानों के हित प्रभावित हो रहे हैं, उनके संबंध में भी उचित कार्रवाई की उम्मीद जगी है।
 
इस अवसर पर नोएडा विलेज रेजिडेंट्स एसोसिएशन (NOVRA) के संरक्षक अजीत सिंह तोमर "बजरंगी", अध्यक्ष डॉ. रंजन तोमर, अमित त्यागी (आमंत्रित सदस्य, NOVRA), रविंदर, प्रवीण, गौरव तोमर, स्वर्ण सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्राम रोहिल्लापुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के किसान एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
 
ग्रामीणों ने विश्वास व्यक्त किया कि विधायक पंकज सिंह जी के सकारात्मक हस्तक्षेप तथा संयुक्त कमेटी की निष्पक्ष जांच से किसानों की भूमि पर लगाए गए 5% भूखंडों के संबंध में शीघ्र न्यायपूर्ण निर्णय होगा।
Advertisement