August 08, 2026 | 12:52:33

उत्तर प्रदेश राइस मिलर्स एसोसिएशन की 39वीं वार्षिक आम सभा सम्पन्न

07 Aug 2026
उत्तर प्रदेश राइस मिलर्स एसोसिएशन की 39वीं वार्षिक आम सभा सम्पन्न

लखनऊ: उत्तर प्रदेश राइस मिलर्स एसोसिएशन की 39वीं वार्षिक आम सभा आयोजित हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के माननीय कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय उपस्थित रहे। अपने संबोधन में माननीय मंत्री  मनोज पाण्डेय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा तथा धान क्रय व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं सुचारु बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने राइस मिलर्स को सरकार के महत्वपूर्ण सहयोगी बताते हुए उनके सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राइस मिलर्स एसोसिएशन ने प्रदेश में धान क्रय व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
एसोसिएशन ने होल्डिंग चार्ज को वर्तमान रू0 30 प्रति क्विंटल से बढ़ाकर न्यूनतम रू0 75 प्रति क्विंटल किए जाने की मांग की। साथ ही, धान खरीद अवधि 01 नवंबर से 31 मार्च तक निर्धारित करने तथा सीएमआर (ब्डत्) के सम्पूर्ण निस्तारण की समय-सीमा 30 जून तक निर्धारित किए जाने का सुझाव दिया।


इसके अतिरिक्त, प्रदेश के ठेका एवं बटाईदार किसानों को भी सरकारी धान खरीद व्यवस्था में शामिल करने की मांग की गई, ताकि वे भी अपनी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य प्राप्त कर सकें।


एसोसिएशन ने यह भी अनुरोध किया कि भविष्य में धान क्रय नीति का निर्माण करते समय राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल को भी शामिल किया जाए, जिससे व्यावहारिक अनुभवों के आधार पर नीति निर्माण अधिक प्रभावी एवं क्रियान्वयन योग्य बनाया जा सके।


कार्यक्रम में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष श्री विनय शुक्ल, प्रदेश महामंत्री श्री हरि किशोर गुप्ता एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री प्रमोद सिंह सहित प्रदेश भर से आए बड़ी संख्या में राइस मिलर्स, उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।

Advertisement