November 15, 2026 | 05:48:56
शिमला: बॉलीवुड अभिनेत्री और मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों के मामले में हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज की है।
जानकारी के मुताबिक, शिमला निवासी रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा ने कंगना रनौत के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कंगना ने 10 नवंबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर गांधी परिवार को लेकर कुछ ऐसी टिप्पणियां की थीं, जो भ्रामक और आपत्तिजनक हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंगना की पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौत से जुड़े घटनाक्रम पर सवाल उठाए गए थे। साथ ही सोनिया गांधी को लेकर भी कथित तौर पर विवादित टिप्पणी की गई थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस तरह की पोस्ट से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है और लोगों के बीच तनाव पैदा हो सकता है।
पुलिस ने कंगना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया है। शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने FIR दर्ज होने की पुष्टि की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी। इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।