November 15, 2026 | 05:48:54
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने शुक्रवार देर रात 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए। इस बदलाव में पांच जिलों के जिलाधिकारी (DM) बदले गए हैं। इसके अलावा लखनऊ और मेरठ विकास प्राधिकरण, नोएडा-ग्रेटर नोएडा तथा गाजियाबाद और वाराणसी नगर निगम में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सरकार के आदेश के मुताबिक, सीतापुर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में नए डीएम तैनात किए गए हैं।
सीतापुर: प्रथमेश कुमार को नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
सिद्धार्थनगर: गौरव सिंह सोगरवाल को डीएम की जिम्मेदारी दी गई है।
महाराजगंज: शिवशरणप्पा जीएन को नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
मुजफ्फरनगर: सुनील कुमार सिंह को डीएम नियुक्त किया गया है।
बिजनौर: जोगिंदर सिंह को जिलाधिकारी बनाया गया है।
आईएएस अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, लखनऊ विकास प्राधिकरण के मौजूदा उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद भेजा गया है, जबकि गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नगर आयुक्त बनाया गया है। मेरठ के मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
रिपोर्टों के मुताबिक, यह प्रशासनिक बदलाव मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) और चुनाव आयोग के अधिकारियों के स्थानांतरण संबंधी दिशा-निर्देशों के मद्देनजर किया गया है। आयोग ने निर्धारित अवधि तक एक जिले में तीन साल का कार्यकाल पूरा करने वाले अधिकारियों को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए थे।
38 आईएएस अधिकारियों के इस फेरबदल के बाद प्रदेश के कई जिलों और विकास प्राधिकरणों की प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है।