September 16, 2026 | 15:23:45
लखनऊ: योगी सरकार विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को देश की विकास यात्रा से जोड़ने के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित कर रही है। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा मंत्रियों की अध्यक्षता में 11 सितंबर को हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने इसके प्रभावी आयोजन के निर्देश दिए हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग के तहत 17 से 26 सितंबर 2026 तक कक्षा 6 से 8 के लिए ‘मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा’ प्रतियोगिता होगी। विद्यार्थी पिछले 10 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में हुई उपलब्धियों को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त करेंगे। विद्यालय स्तर पर अभिभावकों को भी आमंत्रित किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय से श्रेष्ठ पांच चित्र/पोस्टर जिला स्तर की प्रदर्शनी के लिए चयनित होंगे। बीएसए नोडल अधिकारी नामित करेंगे।
माध्यमिक शिक्षा विभाग में कक्षा 9 से 12 के लिए इसी अवधि में भाषण प्रतियोगिता होगी। जिन विद्यालयों में कक्षा 6 से 8 भी हैं, वहां चित्रकला प्रतियोगिता भी होगी। सरकारी-निजी सभी विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिला स्तर पर प्रदर्शनी आयोजित होगी, जिसमें विद्यार्थियों के साथ अभिभावक, शिक्षक, जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल होंगे। श्रेष्ठ विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र, ट्रॉफी/मेडल और पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक नोडल अधिकारी होंगे। ड्राइंग शीट, रंग आदि की व्यवस्था समग्र शिक्षा मद से होगी।