November 11, 2026 | 18:47:26
लखनऊ/छपरा: छठ महापर्व पर अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने घर लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में युवक के चाचा भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और लखनऊ के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
मृतक की पहचान बिहार के सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र के लौवा कला गांव निवासी सवलिया राय (43) के रूप में हुई है। वह राजस्थान के भिवाड़ी में एक निजी कंपनी में काम करते थे। छठ पूजा मनाने के लिए वह अपने चाचा नरेश राय के साथ बस से बिहार लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र स्थित मोहान जीरो पॉइंट के पास बस का पहिया फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस रेलिंग तोड़ते हुए करीब 15 फीट नीचे जा गिरी। बस में लगभग 55 से 60 यात्री सवार थे।
इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए। सवलिया राय के चाचा नरेश राय गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है।
मंगलवार को जैसे ही सवलिया राय का शव उनके पैतृक गांव पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस छठ पर्व को मनाने के लिए पूरा परिवार उनके घर लौटने का इंतजार कर रहा था, उसी त्योहार से पहले परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।