November 11, 2026 | 18:47:25
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार, 11 नवंबर को प्रदेश के युवाओं और किसान परिवारों को बड़ी सौगात दी। लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग में चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों (Junior Assistants) को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
ये सभी अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से चयनित हुए हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवचयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि अब प्रदेश में सरकारी नौकरियों में सिफारिश के बजाय योग्यता को सम्मान दिया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थी किसान परिवारों को कुल 215 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में पिछली सरकारों की भर्ती व्यवस्था पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले स्थिति ऐसी थी कि परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति किसी दूसरे को मिल जाती थी। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है।