November 06, 2026 | 23:47:09
दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 6 नवंबर को राजधानी दिल्ली का औसत AQI सुबह 7 बजे 387 दर्ज किया गया, जबकि कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार पहुंच गया। रोहिणी में AQI 475 और पंजाबी बाग में 466 दर्ज किया गया। शहर के कई इलाकों में धुंध और स्मॉग की मोटी चादर देखने को मिल रही है। लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग और एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।