November 06, 2026 | 23:45:04

Indian Navy का महासमुद्री ऑपरेशन! C-17 से उतरे MARCOS कमांडो, 20 लोगों को बचाया

04 Nov 2026
Indian Navy का महासमुद्री ऑपरेशन! C-17 से उतरे MARCOS कमांडो, 20 लोगों को बचाया

भारतीय नौसेना ने अरब सागर में एक ऐसा ऑपरेशन अंजाम दिया है, जिसकी चर्चा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही है। सोमालिया के तट के पास समुद्री लुटेरों के कब्जे में मौजूद ईरानी मछली पकड़ने वाले जहाज 'अज़िनी' को भारतीय नौसेना ने मुक्त करा लिया है।

इस जहाज पर 20 ईरानी क्रू सदस्य सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है। खास बात यह है कि इस पूरे ऑपरेशन को पूरा करने में 48 घंटे से ज्यादा का समय लगा।

भारतीय नौसेना ने इस मिशन में अपना युद्धपोत और समुद्री निगरानी विमान तैनात किया। इसके बाद भारतीय वायुसेना के C-17 विमान से मरीन कमांडो यानी MARCOS को सटीक एयरड्रॉप के जरिए ऑपरेशन में उतारा गया।

कमांडोज ने जहाज पर पहुंचकर समुद्री लुटेरों के खतरे को खत्म किया और सभी 20 लोगों को सुरक्षित बचा लिया। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस ऑपरेशन में किसी भी क्रू सदस्य को चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई।

यह जहाज 29 अक्टूबर को समुद्री लुटेरों ने अगवा किया था। आशंका थी कि समुद्री लुटेरे इसका इस्तेमाल दूसरे व्यापारिक जहाजों पर हमले के लिए कर सकते हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय नौसेना और वायुसेना के जवानों को इस सफल ऑपरेशन के लिए बधाई दी है। वहीं ईरानी दूतावास ने भी भारत का आभार जताया है।

इस ऑपरेशन ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा में भारतीय नौसेना की भूमिका को सामने ला दिया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement