November 27, 2026 | 20:25:52
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार, 27 नवंबर को युवाओं को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने गोंडा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देवीपाटन मंडल के चार जिलों के 46,800 छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत आयोजित किया गया। इसमें गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के विद्यार्थी शामिल हुए।
वहीं, मुख्यमंत्री ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में 1,594 नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि टैबलेट केवल डिजिटल डिवाइस नहीं, बल्कि युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। इसका इस्तेमाल पढ़ाई, कौशल विकास और रोजगार के अवसर तलाशने में करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि रील देखने में 30 सेकंड लगाएं, लेकिन अपने कौशल को निखारने के लिए प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट जरूर दें।