November 06, 2026 | 23:48:11
लखनऊ में मरीजों और उनके तीमारदारों की मदद करने वाली संस्था धन्वन्तरि सेवा न्यास ने सरकारी अस्पतालों के कर्मचारियों को सम्मानित किया। तेलीबाग स्थित परिकल्प भवन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति मानवेन्द्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने की। इस दौरान केजीएमयू, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, बलरामपुर अस्पताल, लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय, रानी लक्ष्मीबाई संयुक्त चिकित्सालय और सिविल अस्पताल के कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है। वहीं स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बीमारी के समय मरीजों और उनके परिवारों की निःस्वार्थ मदद करने वाले लोग वास्तव में सम्मान के पात्र हैं। कार्यक्रम में धन्वन्तरि सेवा न्यास के अध्यक्ष प्रो. डॉ. सूर्यकान्त त्रिपाठी, सचिव प्रो. डॉ. नीरज मिश्रा और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।