November 06, 2026 | 23:47:09

अक्षय ऊर्जा में महाराष्ट्र देश में दूसरे स्थान पर, उपराष्ट्रपति ने राष्ट्रीय पुरस्कार से किया सम्मानित

06 Nov 2026
अक्षय ऊर्जा में महाराष्ट्र देश में दूसरे स्थान पर, उपराष्ट्रपति ने राष्ट्रीय पुरस्कार से किया सम्मानित

अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में महाराष्ट्र ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सामान्य श्रेणी में महाराष्ट्र ने गुजरात के बाद देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अक्षय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं प्रदर्शनी 2026 के समापन समारोह में महाराष्ट्र को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया। महाराष्ट्र की ऊर्जा राज्य मंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर और ऊर्जा विभाग की अपर मुख्य सचिव आभा शुक्ला ने राज्य की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस उपलब्धि पर ऊर्जा विभाग को बधाई दी।

केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के आकलन में महाराष्ट्र ने अक्षय ऊर्जा क्षमता में वृद्धि, बिजली ग्रिड की तैयारी, नीतिगत व्यवस्था और निवेश के माहौल जैसे मानकों पर बेहतर प्रदर्शन किया। सम्मेलन में महाराष्ट्र ने अपनी घाटघर पंप्ड स्टोरेज जलविद्युत परियोजना, सिन्नर सौर ऊर्जा परियोजना और मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना 2.0 का भी प्रदर्शन किया। राज्य की यह उपलब्धि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और भारत के 2030 तक 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement