November 06, 2026 | 23:48:27
नोएडा में पहली बार ‘श्री यमुना सनातन ज्योति महासंगम-2026’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। 7 नवंबर को सेक्टर-94 स्थित यमुना तट पर कालिंदी कुंज पुल के समीप 21 हजार दीप जलाकर दीपदान किया जाएगा। इस दौरान काशी से आए 11 वैदिक आचार्य मां यमुना की भव्य महाआरती करेंगे। अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में वैदिक महायज्ञ, सामूहिक दीपदान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और वैदिक मंत्रोच्चार आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा।
संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. गुरुजी गौतम ऋषि ने बताया कि महासंगम का उद्देश्य सनातन संस्कृति के संरक्षण के साथ मां यमुना की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। वहीं, राष्ट्रीय महासचिव ठाकुर मान सिंह चौहान ने दिल्ली-NCR के लोगों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को यमुना स्वच्छता और नदी संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी दिलाया जाएगा।