November 06, 2026 | 23:47:16
उत्तर प्रदेश में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयानों को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित बयानों पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कड़ी नाराजगी जताई है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने यदुवंशियों और रघुवंशियों, दोनों की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने यहां तक कहा कि अब उन्हें ब्रज और अवध में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
अखिलेश ने यूपी और मध्य प्रदेश की सीमा पर ऐसे लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने वाला बोर्ड लगाने की बात भी कही। उधर, मेरठ में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एसएसपी को शिकायत सौंपी है। सपा नेताओं ने संबंधित वीडियो की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
वहीं, धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई देते हुए कहा है कि उनकी बातों को गलत तरीके से समझा गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण में कोई भेद पैदा करने का इरादा नहीं था और यदि किसी की भावना आहत हुई है तो वह इसके लिए क्षमा चाहते हैं।
अब इस पूरे मामले ने धार्मिक और राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है। सवाल यह है कि क्या इस विवाद का असर प्रतापगढ़ में होने वाली उनकी आगामी कथा पर भी पड़ेगा?