November 06, 2026 | 23:48:31
आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान मुरासु ने भारी तबाही मचाई है। तूफान की चपेट में आने से अब तक दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है। वहीं सैकड़ों मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और हजारों हेक्टेयर में खड़ी फसल बर्बाद हो गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मुरासु ने 3 नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश के ओंगोल के पास समुद्र तट पर दस्तक दी थी। इस दौरान तूफान की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी, जबकि हवा के झोंके 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज किए गए।
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, तूफान से 312 मकानों को नुकसान पहुंचा है और करीब 52 हजार 459 हेक्टेयर में फसल प्रभावित हुई है। वहीं 12 हजार 230 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर राहत शिविरों में रखा गया है।
तूफान के कारण कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, करीब 344 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
हालांकि अब मुरासु कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल गया है, लेकिन आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ इलाकों में भारी बारिश का खतरा बना हुआ है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।