November 06, 2026 | 23:49:28
लखनऊ। राजधानी के विकास नगर इलाके में भीषण आग से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए ऑल इंडिया सुन्नी यूथ फेडरेशन ने मानवीय पहल की है। फेडरेशन के सदस्यों ने रोशनाबाद कॉलोनी, अहैरन खेड़ा स्थित मस्जिद हजरत उमर फारूक के नमाजियों के सहयोग से राहत अभियान चलाया।
राहत वितरण से पहले फेडरेशन की टीम ने प्रभावित परिवारों का सर्वे कर उनकी सूची तैयार की। इसके बाद वास्तविक पीड़ित परिवारों को राहत कूपन वितरित किए गए, ताकि सहायता जरूरतमंदों तक ही पहुंच सके।
मौलाना मुहम्मद मुस्तफा मदनी नदवी के नेतृत्व में फेडरेशन की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और सर्दी से बचाव के लिए पीड़ित परिवारों को सैकड़ों कंबल वितरित किए।
कंबल वितरण के दौरान कुछ बाहरी और गैर-सूचीबद्ध लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी। हालांकि, स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत वितरण का कार्य कई चरणों में पूरा किया गया।
इस अभियान में फेडरेशन के संस्थापक सदस्य हाजी खालिद हलीम खान, मुहम्मद गुफरान नसीम, इंजीनियर आकिब हुसैन सिद्दीकी और अहमद नबील (एमबीए) सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
इस अवसर पर मौलाना मुहम्मद मुस्तफा मदनी नदवी ने जरूरतमंद परिवारों की खुशहाली और उनकी परेशानियां दूर होने के लिए दुआ की।
फेडरेशन की इस पहल ने एक बार फिर जरूरतमंदों की मदद और सामाजिक सेवा के महत्व को सामने रखा।