November 06, 2026 | 23:46:21
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश सरकार के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, नोएडा में ग्रीन स्किल्स एवं एप्लाइड AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन किया। यह केंद्र 1M1B फाउंडेशन, माइक्रोसॉफ्ट और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के सहयोग से स्थापित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग, औद्योगिक स्थिरता और एप्लाइड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार करना है।
इस केंद्र में युवाओं को AI के माध्यम से औद्योगिक प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने, ऊर्जा और संसाधनों की बचत करने, अपशिष्ट कम करने, गुणवत्ता नियंत्रण और डेटा आधारित निर्णय लेने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और संसाधन-कुशल उत्पादन जैसे क्षेत्रों में भी युवाओं को ग्रीन स्किल्स सिखाई जाएंगी।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है। उन्होंने युवाओं से इस केंद्र का अधिक से अधिक लाभ उठाने, नए विचारों पर काम करने और उपयोगी उत्पाद विकसित करने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने योग्य बनाना ही सरकार का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें रोजगार देने वाला और अपना व्यवसाय शुरू करने वाला भी बनाना है, ताकि वे प्रदेश और देश की तरक्की में योगदान दे सकें।
वहीं माइक्रोसॉफ्ट की वरिष्ठ निदेशक मंजू धस्माना ने कहा कि यह केंद्र उत्तर प्रदेश को AI के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
गौरतलब है कि नोएडा का यह केंद्र देश में स्थापित किए जा रहे पांच ग्रीन स्किल्स एवं एप्लाइड AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के नेटवर्क का हिस्सा है। इस नेटवर्क में बेंगलुरु, लखनऊ, हैदराबाद और अहमदाबाद के केंद्र भी शामिल हैं। इस पहल के तहत वर्ष 2030 तक एक लाख युवाओं को एप्लाइड AI और ग्रीन स्किल्स से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह, डीन प्रो. राजीव वार्ष्णेय, माइक्रोसॉफ्ट की वरिष्ठ निदेशक मंजू धस्माना, 1M1B फाउंडेशन के संस्थापक एवं चीफ मेंटर मानव सुबोध सहित सरकार, शिक्षा जगत और उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस पहल से उत्तर प्रदेश में AI, इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक विनिर्माण के क्षेत्र में युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही युवाओं को प्रशिक्षण, मेंटरिंग, इंटर्नशिप और उद्यमिता के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।